फसल की रखवाली कर रहे युवक से मारपीट, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज
लखीमपुर, खीरी। कोतवाली धौरहरा क्षेत्र के ग्राम चमारनपुरवा मजरा कलुवापुर निवासी इन्द्रजीत पुत्र मूलचन्द्र गौतम ने गांव के ही कुछ लोगों पर खेत में घुसकर मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित इन्द्रजीत के अनुसार उनके घर के पूर्व दिशा में लगभग तीन बीघा खेत में मकई की फसल लगी हुई है। रविवार देर रात करीब तीन बजे वह फसल की रखवाली के लिए खेत में आम के पेड़ के नीचे बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के छोटे पुत्र सैफू, हासिब पुत्र पुत्तन खां तथा पुत्तन पुत्र अज्ञात वहां पहुंच गए।
पीड़ित का कहना है कि चचेरे भाई के यहां उठने-बैठने और आने-जाने की रंजिश को लेकर आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उनके साथ मारपीट की। घटना में उनके सिर, दोनों हाथों और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। साथ ही आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले में दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली धौरहरा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार प्रकरण की जांच सीओ धौरहरा द्वारा की जाएगी, जिसके बाद दोषियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।