ढकरानी पावर हाउस के बफर जोन में रेत भंडारण, सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े
विकासनगर (देहरादून): यूजेवीएनएल के ढकरानी पावर हाउस की बाउंड्री वॉल के बेहद करीब दो जगहों पर रेत का भंडारण किया जा रहा है। यह भंडारण हरी-भरी फसल के बीच में स्थित है। भंडारण स्थल के ठीक सामने यूजेवीएनएल विभाग की सड़क गुजरती है और सड़क पार करते ही पावर हाउस की बाउंड्री वॉल शुरू हो जाती है।
केंद्र सरकार के Enforcement & Monitoring Guidelines for Sand Mining 2020 में पावर हाउस, शक्ति नहर जैसी महत्वपूर्ण संरचनाओं के चारों ओर सुरक्षा घेरा (Buffer Zone) बनाए रखने का प्रावधान है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पावर हाउस के बफर जोन के अंदर इतने करीब भंडारण होना सुरक्षा के दृष्टिकोण से उचित नहीं लग रहा है।
भारी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और डंपरों की लगातार आवाजाही से सड़क काफी क्षतिग्रस्त हो गई है। खेतों में धूल का गुबार उड़ने से आसपास की फसल भी प्रभावित हो रही है। पावर हाउस की बाउंड्री वॉल के इतने नजदीक भंडारण होने से सुरक्षा और पर्यावरण दोनों को लेकर स्थानीय स्तर पर चिंता व्यक्त की जा रही है।
जानकारों के मुताबिक, इन दोनों भंडारणों को जिला खनन विभाग ने अनुमति दी हुई है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि पावर हाउस के बफर जोन के इतने करीब भंडारण की अनुमति किस आधार पर प्रदान की गई।