गांव की बगिया से शहर के बाजार तक पहुंच रही मिठास भरी लीची
बिहार - समस्तीपुर जिला के सारंगपुर गांव में इन दिनों लीची का सीजन पूरे शबाब पर है। गांव के बड़े-बड़े बगीचों में सुबह से ही मजदूर और किसान पेड़ों से लाल-लाल लीची तोड़ने में जुटे हैं। कोई पेड़ पर चढ़कर डालियां काट रहा है, तो कोई नीचे बैठकर लीची को अलग कर बाजार भेजने के लिए तैयार कर रहा है।
तेज धूप और मेहनत के बीच किसान परिवार दिनभर पसीना बहाकर लीची तैयार करते हैं, ताकि यह स्वादिष्ट फल गांव से निकलकर शहर तक पहुंच सके। यहां से लीची समस्तीपुर जिला के मुसरीघरारी चौक सहित कई बाजारों में बिक्री के लिए भेजी जाती है, जहां राह चलते लोग भी रुककर इसका स्वाद लेते हैं।
लीची सिर्फ एक फल नहीं, बल्कि गांव के लोगों की मेहनत और रोजी-रोटी का सहारा है। खेत और बगीचे में दिनभर मेहनत करने के बाद जब बाजार में लीची बिकती है, तब जाकर किसानों और मजदूरों के घर में दो पैसे की आमदनी होती है।
गर्मी के मौसम में मीठी और रसदार लीची लोगों की पहली पसंद बन जाती है। गांव की मिट्टी में उगी यह लीची अब शहर के लोगों तक मिठास पहुंचा रही है।