logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

गंगा दशहरा पर भोलापुर गंगा घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी

फतेहगंज पश्चिमी। क्षेत्र के भोलापुर गंगा घाट पर गंगा दशहरा के पावन पर्व पर सोमवार को आस्था का अद्भुत जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह से ही हजारों श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन और स्नान के लिए घाट पर पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां गंगा से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मेले में महिलाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। घाट परिसर में लगी चाट, पकौड़ी, मिठाई और खिलौनों की दुकानों पर दिनभर रौनक बनी रही। ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने मेले का भरपूर आनंद लिया।
भीषण गर्मी के बीच सामाजिक संगठनों एवं ग्रामीणों द्वारा जगह-जगह शरबत वितरण शिविर लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं और राहगीरों को ठंडा शरबत पिलाकर सेवा की गई। लोगों ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए राहत महसूस की।
वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस पूरी तरह अलर्ट दिखाई दी। पुलिसकर्मी घाट और मेले के आसपास लगातार गश्त करते रहे तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
गंगा दशहरा के अवसर पर भोलापुर गंगा घाट श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का केंद्र बना रहा, जहां पूरे दिन धार्मिक माहौल देखने को मिला।

19
494 views

Comment