गंभीरपुर: बुजुर्ग दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु, जांच जारी
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोमाडीह गांव में शनिवार की सुबह श्यामलाल (80) और उनकी पत्नी बसंती (75) की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। मृतक दंपति घर के बाहर दो अलग-अलग चारपाई पर सोए थे। सुबह उनके पुत्र कैलाश की पत्नी ज्ञानमती ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं जागे। इस पर परिजनों ने गंभीरपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस, थाना अध्यक्ष अमित त्रिपाठी, फॉरेंसिक टीम और एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
शादी के कारण 2 मई को दंपति अपने बेटी राजकुमारी के घर से गोमाडीह आए थे। परिवार में जमीन विवाद को लेकर बहू और बेटों के बीच विवाद चल रहा था। मृतक के चार पुत्र जियालाल, महेंद्र, कैलाश, अवधेश और एक पुत्री राजकुमारी हैं। राजकुमारी ने आरोप लगाया कि उनके माता-पिता को उनके भाई और भाभी ने जहर देकर मार दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पीएम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखी गई है।