WCL ने लॉन्च किया अपना पहला कॉर्पोरेट लोगो, नई कॉर्पोरेट पहचान का हुआ भव्य अनावरण
नागपुर/महाराष्ट्र। Western Coalfields Limited (WCL) ने अपने इतिहास में पहली बार स्वतंत्र कॉर्पोरेट लोगो और नई कॉर्पोरेट पहचान का भव्य अनावरण किया। यह कदम कंपनी की आधुनिक, नवाचार-आधारित और भविष्य उन्मुख कार्यशैली की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
लोगो लॉन्च समारोह में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे, निदेशक (वित्त एवं मानव संसाधन) श्री बिक्रम घोष, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री आनंदजी प्रसाद तथा निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) श्री संदीप परांजपे सहित सभी क्षेत्रों एवं इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
सीएमडी डॉ. हेमंत शरद पांडे ने कहा कि वर्ष 1975 से WCL देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि नया लोगो कंपनी की विरासत, संगठनात्मक शक्ति और दूरदर्शी सोच का प्रतीक है तथा यह भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए कंपनी की तैयारी को दर्शाता है।
उन्होंने आगे कहा कि लोगो में ‘W’ और ‘C’ का संयोजन प्रगति और परिवर्तन का प्रतीक है, जबकि लाल रंग का ‘C’ ऊर्जा, कोल इंडिया की समृद्ध विरासत और राष्ट्रीय गौरव को दर्शाता है। वहीं ‘L’ का आधुनिक स्वरूप स्थिरता, नवाचार और निरंतर विकास का संदेश देता है।
निदेशक (वित्त एवं मानव संसाधन) श्री बिक्रम घोष ने कहा कि यह नई कॉर्पोरेट पहचान कर्मचारियों में गर्व, एकता और नई ऊर्जा का संचार करेगी तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होगी।
यह नई पहचान WCL के आधुनिकीकरण और कॉर्पोरेट ब्रांडिंग की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।