अमेठी में बिजली कटौती और जर्जर तारों को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
📰 अमेठी में बिजली कटौती और जर्जर तारों को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
📍 गौरीगंज/अमेठी
जनपद अमेठी में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती एवं जर्जर विद्युत तारों की समस्या को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। क्षेत्र के लोगों ने एकजुट होकर उपजिलाधिकारी गौरीगंज के माध्यम से महामहिम राज्यपाल उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले कई दिनों से जिले में लगातार अघोषित बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बार-बार बिजली जाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई, किसानों की सिंचाई तथा व्यापारियों के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कई स्थानों पर विद्युत तार काफी जर्जर हो चुके हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों ने मांग की कि अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद कराई जाए तथा जर्जर तारों और पोलों को शीघ्र बदला जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में क्षेत्र के कई ग्रामीण एवं कांग्रेसजन मौजूद रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।