भीषण गर्मी में बेजुबानों के लिए आगे आया नायक समाज, चूरू में लगाए जाएंगे 200 परिंडे
भीषण गर्मी में बेजुबानों के लिए आगे आया नायक समाज, चूरू में लगाए जाएंगे 200 परिंडे
चूरू। (राजेश खारड़ू) भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से राजस्थान नायक समाज संयुक्त समिति, जिला चूरू ने “परिंडे लगाओ - पशु पक्षी बचाओ” अभियान की शुरुआत की है। एक सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान के तहत शहर के सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों, श्मशान भूमि और चौक-चौराहों पर 200 मिट्टी के परिंडे लगाए जाएंगे।
अभियान का शुभारंभ शनिवार को जिलाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद नायक के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त वरिष्ठ रेल चालक सहीराम नायक ने की। इस दौरान समाज के लोगों ने “पक्षी मेरा परिवार, मेरा मित्र” का संदेश देते हुए गर्मी में बेजुबान जीवों के लिए दाना-पानी की स्थायी व्यवस्था करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त जिला न्यायालय कर्मी कानाराम नायक और पूनमराम नायक भील ने 21 परिंडे भेंट कर अभियान की शुरुआत करवाई। वहीं सेवानिवृत्त पीएचईडी कर्मी हवासिंह नायक ने मुक्तिधाम चूरू में नियमित दाना-पानी की जिम्मेदारी ली। उनके साथ मंगल कॉलोनी के मैनपाल नायक भी सहयोग करेंगे।
अभियान को राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी समर्थन मिला। चूरू जिला कांग्रेस मंडल अध्यक्ष श्रवण बेसर ने श्मशान भूमि सहनाली छोटी में अपनी टीम के साथ 51 परिंडे अपने निजी खर्च पर लगाने की घोषणा की। वहीं मंगल कॉलोनी निवासी इंद्रचंद्र नायक ने एक दिन की मजदूरी अभियान को समर्पित की। प्रेरणा प्रिंटिंग प्रेस संचालक कैलाश सैनी और रेलकर्मी विक्रम नायक ने भी सहयोग का भरोसा दिलाया।
जिलाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद नायक ने कहा कि नायक समाज हमेशा सामाजिक सरोकारों के प्रति सजग रहा है। समाज केवल अधिकारों की लड़ाई ही नहीं लड़ता, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे परिंडे, दाना या श्रमदान के माध्यम से इस पुण्य कार्य में सहभागी बनें।
इस अवसर पर ओमप्रकाश बाकोलिया, विनायक, कमल नायक, ओमप्रकाश नायक, लालचंद्र नायक, महेंद्र नायक, एडवोकेट जयसिंह नायक, एडवोकेट निर्मल बसेरा और विजय नायक सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।