पेट्रोल ने लगाई सेंचुरी, महंगाई ने पकड़ी रफ्तार
देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार चौथी बार बढ़ोतरी होने से आम आदमी की जेब पर बड़ा असर पड़ने वाला है। बीते 11 दिनों में लगातार बढ़ रहे ईंधन के दाम अब “सेंचुरी” पार कर चुके हैं।
तेल कंपनियों ने आज पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी। इससे कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गया है।
इससे पहले 15 मई को पेट्रोल के दाम में 3 रुपए प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद 19 मई को करीब 90 पैसे और 23 मई को पेट्रोल में 87 पैसे व डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी।
लगातार बढ़ती कीमतों से अब सिर्फ वाहन चलाना ही महंगा नहीं होगा, बल्कि इसका असर रोजमर्रा की जरूरतों पर भी दिखाई देगा। परिवहन खर्च बढ़ने से आटा, दाल, सब्जी और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में भी तेजी आने की आशंका जताई जा रही है।
आम जनता का कहना है कि पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम अब सीधे रसोई और घर के बजट पर भारी पड़ने लगे हैं।