logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक सम्पन्न

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक सम्पन्न

कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा, वनमंडल अधिकारी श्री हरिश चंद्र बघेल, जिला खनिज अधिकारी श्री सुखदेव कुमार निर्मल, जिला परिवहन अधिकारी श्री विक्रमजीत सिंह कंग, जिला खाद्य अधिकारी श्री उमेश शर्मा, अधीक्षक चम्बल अभ्यारण्य श्री श्याम सिंह चौहान तथा परिवहन निरीक्षक श्री अशोक शर्मा उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर श्री जांगिड़ ने निर्देश देते हुए कहा कि जिले में परिवहन कार्य में संलग्न सभी वाहनों पर नम्बर प्लेट लगाना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि सभी वाहनों में जीपीएस लगाने की कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाएगी। परिवहन विभाग को इस कार्य के लिए अतिरिक्त 15 सदस्यीय बल उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि विभाग द्वारा जिले की चार प्रमुख सड़कों पर विशेष कैंप लगाकर प्रभावी कार्रवाई की जाए।

कलेक्टर ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराया जाएगा तथा परिवहन विभाग एसएएफ बल की सहायता भी ले सकेगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में बिना नम्बर अथवा नम्बर अंकित किए बिना चलने वाले वाहनों को पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं तथा जिला खाद्य अधिकारी के माध्यम से पेट्रोल पंप संचालकों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए हैं। इस विषय पर पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक सोमवार को आयोजित की जाएगी।

कलेक्टर श्री जांगिड़ ने रेत परिवहन एवं अवैध उत्खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए धौलपुर (राजस्थान) एवं आगरा के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, डीएफओ, एमओ तथा आरटीओ सहित संबंधित अधिकारियों के साथ अंतर्राज्यीय टास्क फोर्स बैठक आयोजित करने की आवश्यकता बताई, जिससे तीनों राज्यों में समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने निर्देश दिए कि टोल प्लाजा से बिना नम्बर वाले वाहन न गुजरने पाएँ। इसके लिए एनएचएआई को कार्रवाई के दौरान वीडियो एवं फोटो रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा ने कहा कि पुलिस थाने अपने-अपने स्तर पर पॉइंट लगाकर कार्रवाई कर रहे हैं तथा परिवहन विभाग भी बिना नम्बर वाले वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई कर सकता है। उन्होंने कहा कि सभी पेट्रोल पंपों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के माध्यम से भी वाहन मालिकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि वन विभाग अपने बल एवं एसएएफ बल के सहयोग से संबंधित पुलिस थानों की मदद लेकर सभी रेत घाटों पर रेत विनिष्टीकरण की कार्रवाई करेगा।

वनमंडल अधिकारी श्री हरिश चंद्र बघेल ने प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए एक कंपनी एसएएफ बल उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh

27
1136 views

Comment