बिजली व्यवस्था से परेशान महाराजगंज की जनता, मरम्मत के नाम पर चंदा और कनेक्शन के लिए वसूली के आरोप
महाराजगंज जिला में भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों का आरोप है कि लगातार बिजली कटौती के कारण आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। दिन और रात में कई-कई घंटे बिजली गुल रहने से लोगों को गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी क्षेत्र में एक दिन के लिए भी बिजली खराब हो जाती है, तो उसे ठीक कराने के लिए कर्मचारियों द्वारा चंदा इकट्ठा करने की बात कही जाती है। वहीं कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिना पैसे दिए छोटे-छोटे कार्य भी नहीं किए जाते। लोगों का कहना है कि एक साधारण वायर कनेक्शन करने के लिए भी ₹500 तक की मांग की जाती है।
ग्रामीणों और उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते हैं, इसके बावजूद उन्हें न तो पर्याप्त बिजली मिल रही है और न ही शिकायतों का समय पर समाधान हो रहा है। जनता का आरोप है कि शिकायत करने पर अधिकारी और कर्मचारी फोन तक नहीं उठाते।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन एवं विद्युत विभाग से मांग की है कि बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए, अवैध वसूली पर रोक लगे तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।