भारत विकास परिषद शक्ति शाखा द्वारा सात दिवसीय बाल संस्कार शिविर का सफल आयोजन
गाजियाबाद। भारत विकास परिषद की शक्ति शाखा द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं भारतीय संस्कारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सात दिवसीय बाल संस्कार शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर साइंस डिवाइन स्कूल तथा कस्तूरबा गांधी विद्यालय में संपन्न हुआ।
शिविर के दौरान बच्चों को देशभक्ति एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ने के लिए “वंदे मातरम्” तथा “देश हमें देता है सब कुछ” जैसे प्रेरणादायक गीत सिखाए गए। साथ ही रामायण एवं महाभारत की प्रेरक कथाओं के माध्यम से बच्चों को अच्छे संस्कार, नैतिकता एवं सद्कर्मों की शिक्षा दी गई।
रचनात्मक गतिविधियों के अंतर्गत बच्चों ने अपनी माताओं के लिए सुंदर-सुंदर ग्रीटिंग कार्ड तैयार किए। इसके अतिरिक्त विभिन्न विषयों पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई तथा पृथ्वी संरक्षण विषय पर ड्राइंग प्रतियोगिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। बच्चों को हस्तकला के अंतर्गत कागज के एनवेलप, कागज के फूल बनाना सिखाया गया। वहीं बालिकाओं एवं बच्चों को बेसिक सिलाई, बटन लगाना, तुरपाई एवं काज बनाना जैसी उपयोगी घरेलू कलाओं का प्रशिक्षण भी दिया गया।
शिविर में योग एवं ध्यान सत्र भी आयोजित किए गए, जिनमें बच्चों को योग के माध्यम से तनावमुक्त रहने, एकाग्रता बढ़ाने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर बच्चों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उत्साहवर्धन के लिए पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। शाखा के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शिविर को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।