logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

न्यूज़ रिपोर्टर मोहित संघी जबलपुर में लू का कहर: NCC कैंप में 37 कैडेट्स की बिगड़ी तबीयत, मचा हड़कंप

न्यूज़ रिपोर्टर मोहित संघी

जबलपुर में लू का कहर: NCC कैंप में 37 कैडेट्स की बिगड़ी तबीयत, मचा हड़कंप

जबलपुर में भीषण गर्मी और लू का असर अब सीधे बच्चों की सेहत पर पड़ने लगा है। डुमना रोड स्थित ट्रिपल आईटीडीएम परिसर में चल रहे एनसीसी कैंप में गुरुवार को अचानक कई कैडेट्स की तबीयत बिगड़ने से अफरा-तफरी मच गई। तेज गर्मी के बीच बच्चों को उल्टी, बुखार, चक्कर और तेज सिरदर्द की शिकायत होने लगी, जिसके बाद तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार करीब 37 कैडेट्स की हालत खराब हुई। पहले कैंप में प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन तबीयत में सुधार नहीं होने पर देर रात उन्हें जिला अस्पताल विक्टोरिया में भर्ती कराया गया। शुक्रवार सुबह भी कुछ अन्य बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

डॉक्टरों के मुताबिक भीषण गर्मी और लगातार धूप में गतिविधियां होने के कारण बच्चों को लू लगने और डिहाइड्रेशन की आशंका है। जबलपुर सहित पूरे मध्यप्रदेश में इन दिनों तापमान 44 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है, जिससे हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं।

सीएमएचओ डॉ. नवनीत कोठारी ने बताया कि सभी बच्चों की स्थिति अब सामान्य है और कई कैडेट्स को डिस्चार्ज करने की तैयारी की जा रही है। अस्पताल में बच्चों के लिए विशेष मेडिकल टीम तैनात की गई है।

घटना के बाद कैंप प्रबंधन पर भी सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों का आरोप है कि मौसम विभाग की चेतावनी के बावजूद बच्चों को तेज धूप में लंबे समय तक गतिविधियां करवाई गईं। वहीं प्रशासन ने गर्मी को देखते हुए सभी कैंप आयोजकों और स्कूलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

3
67 views

Comment