चाईबासा में मतदान केंद्रों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, अनमैप्ड मतदाता सूची प्रकाशन कार्य का लिया जायजा
चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने शनिवार को चाईबासा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शहरी क्षेत्र स्थित मतदान केंद्र संख्या 52/53 एवं 104/105 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर अनमैप्ड मतदाता सूची प्रकाशन से संबंधित कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बूथ पर मौजूद बीएलओ से SIR-2026 के तहत संचालित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा सभी कार्यों को पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के साथ-साथ सूची को अद्यतन करना बेहद आवश्यक है। इसके तहत अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान कर उनका भौतिक सत्यापन किया जाएगा और आवश्यकतानुसार नाम हटाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलती से मतदाता सूची से नहीं हटना चाहिए। उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित, स्वच्छ एवं अद्यतन मतदाता सूची ही स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की आधारशिला होती है।
उपायुक्त ने सभी बूथ लेवल पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं सदर अंचल अधिकारी भी उपस्थित रहे।