फरीदाबाद में बड़ा हादसा: तेज आंधी में स्कूल पर गिरी निर्माणाधीन इमारत की दीवार, 10 बच्चे मलबे में दबे, 4 गंभीर
फरीदाबाद। जिले के खेड़ी पुल इलाके में शनिवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे तेज आंधी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। स्कूल के साथ बन रही निर्माणाधीन इमारत की दीवार अचानक भरभराकर स्कूल की छत पर गिर गई। तेज धमाके के साथ छत टूटकर नीचे आ गिरी, जिससे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के समय स्कूल में बच्चे मौजूद थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब 10 बच्चे मलबे में दब गए, जिनमें से 4 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं कई अन्य बच्चों को भी मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग व स्कूल स्टाफ तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
सभी घायलों को इलाज के लिए बीके अस्पताल पहुंचाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई तथा मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया। शुरुआती जांच में निर्माण कार्य में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।