लखनपुर: बेलदगी दरिमा रोड की सड़क स्थिति खराब
लखनपुर से बेलदगी जाने वाली दरिमा रोड इन दिनों पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे, उखड़ी गिट्टियां और फैली गंदगी राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। हालत ऐसी हो चुकी है कि लोगों को समझ नहीं आता सड़क में गड्ढा है या गड्ढों में सड़क।
इस रोड में स्थित दारू भट्ठी के आसपास भी गंदगी का अंबार लगा हुआ है। शराब पीकर लौटने वाले कुछ लोग किसानों के खेतों में शराब की बोतल और कांच फोड़ देते हैं, जिससे किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। खेतों में फैले कांच से जानवरों और लोगों को भी खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार राजस्व लेने में तो पीछे नहीं रहती, लेकिन सड़क मरम्मत और सफाई व्यवस्था की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। बरसात आने से पहले यदि सड़क नहीं बनी, तो आने वाले दिनों में दुर्घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से जल्द सड़क मरम्मत, सफाई व्यवस्था और किसानों की समस्या पर ध्यान देने की मांग की है।
— धीरज कुमार, रिपोर्टर
AIMA MEDIA — जन जन की आवाज