कोलकाता हवाई अड्डे परिसर स्थित एक सौ छत्तीस वर्ष पुरानी मस्जिद को स्थानांतरित करने का निर्णय ईद तक स्थगित :-
कोलकाता हवाई अड्डे के परिचालन क्षेत्र में स्थित एक सौ छत्तीस वर्ष पुरानी गौरीपुर जामा मस्जिद, जिसे बांकड़ा मस्जिद के नाम से भी जाना जाता है, को स्थानांतरित करने की प्रस्तावित प्रक्रिया फिलहाल ईद-उल-जुहा तक स्थगित कर दी गई है। हवाई अड्डा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार समाप्त होने के बाद ही इस विषय में आगे कोई प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
यह मस्जिद हवाई पट्टी से मात्र एक सौ पैंसठ मीटर की दूरी पर स्थित है। विमानन अधिकारियों के अनुसार मस्जिद की वर्तमान स्थिति के कारण विमानों के उतरने की प्रक्रिया प्रभावित होती है तथा बड़े आकार वाले विमानों की आवाजाही में भी बाधा उत्पन्न होती है। लंबे समय से इसे हवाई अड्डे के विस्तार और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी एक महत्वपूर्ण चुनौती माना जा रहा था।
बताया जा रहा है कि वर्षों तक विभिन्न सरकारों के संरक्षण में रहने के बाद अब इस मस्जिद को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया ने गति पकड़ी है। इस संबंध में हवाई अड्डा प्रशासन, मस्जिद प्रबंधन तथा विभिन्न मुस्लिम संगठनों के बीच लगातार बातचीत चल रही है।
प्रशासन का कहना है कि प्रयास यह है कि सभी पक्षों की सहमति से ऐसा समाधान निकाला जाए जिससे धार्मिक भावनाओं का सम्मान भी बना रहे और हवाई अड्डे की सुरक्षा तथा आधारभूत संरचना विस्तार की आवश्यकताएं भी पूरी हो सकें।
इस विषय को लेकर क्षेत्र में व्यापक चर्चा जारी है तथा प्रशासन अत्यंत सावधानी और संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ने का प्रयास कर रहा है।