logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

गंगा दशहरा पर जिले भर में होगा सामूहिक श्रमदान, साफ-सफाई एवं दीपदान कार्यक्रम

गंगा दशहरा पर जिलेभर में होगा सामूहिक श्रमदान, साफ-सफाई एवं दीपदान कार्यक्रम

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अधिकारियों की बैठक लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

राजगढ़ 22 मई, 2026

मध्यप्रदेश शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार “जल गंगा संवर्धन अभियान-2026” के अंतर्गत आगामी 25 मई, 2026 को गंगा दशहरा के अवसर पर राजगढ़ जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में एक साथ व्यापक जनभागीदारी के साथ श्रमदान, साफ-सफाई एवं दीपदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने कहा कि जल संरक्षण एवं संवर्धन को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से जिले के प्रत्येक ग्राम एवं नगरीय क्षेत्र में प्रभावी गतिविधियां आयोजित की जाएं तथा आमजन की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए।कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में तालाबों, बावड़ियों, कुओं, नदियों एवं अन्य जल स्रोतों के आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाए।

साथ ही श्रमदान के माध्यम से जल संरक्षण संबंधी कार्य कराए जाएं तथा सायंकाल दीपदान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला स्व-सहायता समूहों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। जिले के प्रत्येक विकासखंड एवं नगरीय निकाय में ऐसे कार्य चयनित किए जाएं जो जल संरक्षण के क्षेत्र में प्रेरणादायी उदाहरण बन सकें।

बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रमों की सभी तैयारियां समय सीमा में पूर्ण की जाएं तथा आयोजित गतिविधियों के फोटो एवं वीडियो शासन को निर्धारित माध्यम से प्रेषित किए जाएं। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और “जल गंगा संवर्धन अभियान” के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को इससे जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे 25 मई को आयोजित कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें और जल संरक्षण के इस जनअभियान को सफल बनाएं।।

Jansampark Madhya Pradesh

26
1039 views

Comment