रायवाला: फर्जी बैंक स्टेटमेंट और ब्लैकमेलिंग मामले में शिकायत दर्ज
रायवाला: क्षेत्र के निवासी अमित धस्माना ने रायवाला थाना में कुछ व्यक्तियों के खिलाफ फर्जीवाड़ा, धोखाधड़ी, जालसाजी और ब्लैकमेलिंग के आरोप लगाते हुए गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने एक एनजीओ को करोड़ों रुपये की डोनेशन दिलाने का झांसा देकर अवैध तरीके से 25 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जारी कराने का दबाव बनाया।
अमित धस्माना के अनुसार, आरोपियों ने खुद को एक निजी कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए उनकी संस्था से संपर्क किया और करीब 60 करोड़ रुपये की डोनेशन दिलाने का प्रस्ताव रखा। आरोपियों ने बैंक में एक फर्जी बैंक स्टेटमेंट भी प्रस्तुत किया जिसे अमित धस्माना द्वारा जारी बताया जाने लगा। साथ ही, आरोपियों ने बिना अनुमति संस्था “देव भूमि जन जागृति (युवा प्रशिक्षण) ट्रस्ट” के खाते की जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन बैंक अधिकारियों ने जानकारी देने से इनकार कर संबंधित पक्ष को सूचना दी।
पीड़ित ने बताया कि अब आरोपियों द्वारा उन्हें कानूनी कार्रवाई की धमकी देकर 15 लाख रुपये की मांग की जा रही है और लगातार मानसिक प्रताड़ना व ब्लैकमेलिंग की जा रही है। अमित धस्माना ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने व अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।