देश-दुनिया में हलचल तेज, राजनीति से लेकर मौसम तक कई बड़े अपडेट
देशभर में शुक्रवार को राजनीति, न्यायपालिका, सुरक्षा और मौसम से जुड़ी कई बड़ी घटनाएं चर्चा में रहीं। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिड्स भारत दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात कर दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की। मुंबई में उन्होंने एनएसई की घंटी बजाकर आर्थिक सहयोग का संदेश भी दिया।
नीट पेपर लीक मामले को लेकर सियासत गरमाती जा रही है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री से जवाब मांगा है। वहीं जांच एजेंसियां अब उन अभिभावकों तक पहुंचने की तैयारी में हैं, जिन्होंने कथित तौर पर पेपर खरीदे थे।
त्विषा केस में हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए AIIMS दिल्ली की टीम से दोबारा पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए हैं। दूसरी तरफ NCERT की किताबों में ‘ज्यूडिशियरी में भ्रष्टाचार’ वाले चैप्टर को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने पुराने आदेश में बदलाव किया है।
देश की राजनीति में भी हलचल तेज है। राज्यसभा की 26 सीटों पर 18 जून को चुनाव होंगे, जबकि राजस्थान हाईकोर्ट ने पंचायत और निकाय चुनाव तय समय में कराने के निर्देश दिए हैं। पंजाब में नगर निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराने का रास्ता भी साफ हो गया है।
मौसम की बात करें तो भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। बांदा देश का सबसे गर्म शहर दर्ज हुआ, जहां तापमान 48 डिग्री के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने यूपी, दिल्ली, राजस्थान समेत कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ता दिख रहा है। ईरान होर्मुज क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों पर शुल्क लगाने की तैयारी में है, जिस पर अमेरिका ने कड़ा विरोध जताया है।
खेल जगत में आज IPL का अहम मुकाबला है, जहां बेंगलुरु की नजर अंक तालिका में शीर्ष स्थान पक्का करने पर होगी।