सुलतानपुर: आंगनबाड़ी केंद्र 15 जून तक बंद रहेंगे, डीएम ने आदेश जारी किया
सुलतानपुर: जिले में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने 20 मई 2026 से 15 जून 2026 तक सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने का आदेश दिया है। यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है क्योंकि अधिकांश आंगनबाड़ी केंद्र प्राथमिक विद्यालय परिसरों में संचालित होते हैं और छोटे बच्चों पर तेज गर्मी का अधिक प्रभाव पड़ सकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पहले से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित है। इस अवधि के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की ड्यूटी जारी रहेगी। उन्हें बच्चों को अनुपूरक पुष्टाहार वितरण, वजन मापन, गृह भ्रमण, पोषण ट्रैकर पर फीडिंग, सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन, वीएचएसएनडी सत्र तथा आरबीएसके टीम के साथ स्वास्थ्य जांच जैसे कार्य नियमित रूप से करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के कोई भी कार्यकत्री या सहायिका केंद्र या मुख्यालय नहीं छोड़ेंगी।