"सबसे दूर, सबसे पहले" अभियान के तहत नलिता पंचायत में जनसुनवाई, उपायुक्त ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
चक्रधरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा जनजातीय गरिमा उत्सव-2026 के तहत चलाए जा रहे “जन भागीदारी - सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के अंतर्गत चक्रधरपुर प्रखंड की दूरस्थ पंचायत नलिता में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सविता टोपनो, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा स्थानीय मुखिया भी मौजूद रहे। उपायुक्त ने हो भाषा में ग्रामीणों का अभिवादन करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना और उनकी आवाज को प्रशासन तक पहुंचाना है।
संवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजना जरूरी है, ताकि उनका भविष्य उज्जवल बन सके। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी महिलाओं से बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए सामूहिक बचत और आकस्मिक निधि तैयार करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने जिले में प्रत्येक महीने की 8 और 24 तारीख को आयोजित रक्तदान शिविर तथा 6 और 18 तारीख को मनाए जाने वाले आहार दिवस की जानकारी देते हुए लोगों को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बाल संरक्षण, किशोरी स्वास्थ्य, तिथि भोजन, जन्मोत्सव कार्यक्रम, पंचायत दिवस, बाल संवाद और सखी संवाद जैसे नवाचारों की भी जानकारी दी गई।
इस दौरान लगाए गए स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं और दवाइयों की जानकारी ली। उन्होंने स्वयं भी स्वास्थ्य जांच करवाई। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों को देश के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और समाज के उत्थान में सक्रिय भागीदारी की शपथ दिलाई गई।