पुण्यतिथि पर कुष्ठ आश्रम में हुआ भोजन वितरण, जरूरतमंदों के बीच बांटा गया सेवा का संदेश
जमशेदपुर: भारत सेवाश्रम संघ स्थित कुष्ठ आश्रम में बुधवार दोपहर GIANT'S GROUP OF JAMSHEDPUR की ओर से भोजन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम समूह के वरिष्ठ सदस्य सतीश खंडेलवाल द्वारा उनके द्वितीय पुत्र की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आश्रम में रह रहे करीब 50 से 60 लोगों के बीच स्वादिष्ट भोजन वितरित किया गया। भोजन वितरण के दौरान सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का माहौल देखने को मिला। आश्रम के लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर समूह के सदस्यों ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना सबसे बड़ा मानवीय धर्म है। पुण्यतिथि जैसे अवसर पर इस प्रकार के सामाजिक कार्यक्रम लोगों को मानवता और सेवा की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में GIANT'S GROUP OF JAMSHEDPUR के पूर्व अध्यक्ष अरुण बकरेवाल, वर्तमान अध्यक्ष अधिवक्ता जगत विजय सिंह, अधिवक्ता सतीश कुमार सिंह, डॉ. एम. पी. दुबे, बी. एन. पी. गुप्ता, सुप्रियो मजूमदार समेत अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सभी सदस्यों ने इसे एक सराहनीय सामाजिक पहल बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य जारी रखने की बात कही।