ध्रुवगंज-अंभो सड़क किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी
अज्ञात अपराधियों द्वारा हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
नवगछिया । खरीक थाना
ध्रुवगंज-अंभो सड़क किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी
अज्ञात अपराधियों द्वारा हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
नवगछिया । खरीक थाना क्षेत्र अंतर्गत ध्रुवगंज-अंभो सड़क किनारे गुरुवार सुबह करीब 8 बजे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सड़क किनारे शव पड़े होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलते ही खरीक थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए। सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से शव की तस्वीर साझा किए जाने के बाद मृतक की पहचान परबत्ता थाना क्षेत्र के जमुनिया निवासी गौरव कुमार (32 वर्ष), पिता गोपाल चौधरी के रूप में हुई।
पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव को सुनसान इलाके में लाकर फेंक दिया और फरार हो गए।
मृतक के चेहरे एवं शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट और जख्म के निशान पाए गए हैं। वहीं मृतक का मोबाइल फोन घटनास्थल से गायब मिला, जिससे पुलिस को संदेह है कि अपराधियों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मोबाइल अपने साथ ले लिया।
घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग जमीन विवाद तो कुछ लोग संपत्ति विवाद को हत्या की वजह बता रहे हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार मृतक दो भाइयों एवं एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी बहन विवाहित है, जबकि बड़ा भाई शेखर चौधरी दिल्ली में निजी नौकरी करता है। पिता खेती-बाड़ी करते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार गौरव कुमार गांव में अकेले रहता था और शराब सहित अन्य नशे का आदी हो गया था। बताया जाता है कि वह अपने पूर्वजों की जमीन बेचकर अनावश्यक खर्च करता था तथा अधिकतर समय घर से बाहर ही रहता था। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन गांव के लिए रवाना हो चुके हैं।
खरीक थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि अपराधियों ने युवक की हत्या कर शव को सुनसान जगह पर फेंक दिया है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है और जल्द ही मामले का उद्भेदन कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।