सिसवा बाजार में पेट्रोल-डीजल संकट, होर्मुज जलमार्ग खोलने की मांग
सिसवा बाजार : पेट्रोल और डीजल की बढ़ती समस्या से सिसवा बाजार विधानसभा क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हो गया है। पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ लगी हुई है और ईंधन लेने को लेकर लोगों में होड़ मची हुई है। कई जगहों पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, जिससे जनता में भय और बौखलाहट का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि आपूर्ति जल्द सामान्य नहीं हुई तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।
बढ़ते कच्चे तेल के दाम और अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है, जिससे महंगाई दर में वृद्धि हो रही है। सामाजिक चिंतक विजेन्द्र गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय पहल की मांग करते हुए कहा है कि होर्मुज जलमार्ग को जल्द खोला जाना चाहिए। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump और चीन के राष्ट्रपति Xi Jinping से ईरान और खाड़ी देशों के बीच समुद्री तेल व्यापार को सामान्य कराने के लिए कूटनीतिक प्रयास करने का आग्रह किया। विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि यदि एक सप्ताह में होर्मुज जलमार्ग पर तेल परिवहन सुचारु हो जाता है तो कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता आ सकती है और इससे महंगाई पर नियंत्रण मिलेगा।