बदनावर मंडी में बड़ा फर्जीवाड़ा: खाली तौल के समय बदली ट्रैक्टर-ट्राली, व्यापारी को लगा 18 क्विंटल का फटका*
*बदनावर मंडी में बड़ा फर्जीवाड़ा: खाली तौल के समय बदली ट्रैक्टर-ट्राली, व्यापारी को लगा 18 क्विंटल का फटका* *AIMA Social Media राजू गजभिये रिपोर्टर*
बदनावर। स्थानीय अनाज मंडी में तौल के दौरान हेराफेरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक किसान द्वारा गेहूं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली का वजन करवाने के बाद, खाली तौल (काँटा) करवाते समय ट्रैक्टर-ट्राली ही बदल दी गई। इस सोची-समझी धोखाधड़ी के कारण स्थानीय व्यापारी को सीधे 18 क्विंटल गेहूं का नुकसान उठाना पड़ा है। पूरा मामला सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गया है।
*तौल के बाद हुआ खेल, रात को खुला राज*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अकोलिया (तहसील सरदारपुर) के किसान मोहित ने बदनावर अनाज मंडी में गेहूं से भरी अपनी ट्रैक्टर-ट्राली का तौल करवाया था। फसल बेचने के बाद जब खाली ट्राली का तौल (टियर वेट) करवाने की बारी आई, तो शातिर तरीके से पहले वाले ट्रैक्टर-ट्राली की जगह दूसरी ट्रैक्टर-ट्राली लाकर काँटे पर खड़ी कर दी गई।
इस हेराफेरी का पता दिन में नहीं चल सका। रात के समय जब व्यापारी अमित रूनवाल के यहाँ गेहूं की फाइनल लोडिंग (बिक्री के लिए रवानगी) शुरू हुई, तब स्टॉक के मिलान में पूरे 18 क्विंटल गेहूं का बड़ा फर्क सामने आया।
*CCTV फुटेज ने खोली पोल*
अचानक 18 क्विंटल अनाज कम निकलने से मंडी और व्यापारी प्रतिष्ठान में हड़कंप मच गया। इसके बाद जब तोल काटे एवं मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले गए, तो पूरी सच्चाई सामने आ गई। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह खाली तौल के वक्त सोची-समझी साजिश के तहत ट्रॉलियों की अदला-बदली की गई थी, ताकि खाली ट्राली का वजन कम दिखाकर अनाज का वजन कागजों में बढ़ा दिया जाए।