नगीना सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने बिजली कटौती पर सरकार को घेरा
उत्तर प्रदेश: नगीना सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर सरकार को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को पत्र लिखकर प्रदेश की चरमराई विद्युत व्यवस्था पर अपनी गंभीर चिंता जताई है। सांसद ने विशेष रूप से ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में अनियमित बिजली कटौती को आम जनता के लिए बड़ी समस्या बताया है, जिससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई, किसानों की सिंचाई, छोटे व्यापारियों का कामकाज और मजदूरों की आजीविका प्रभावित हो रही है।
पत्र में चंद्रशेखर आज़ाद ने बताया कि बिना पूर्व सूचना के घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होता है। उन्होंने स्वास्थ्य पर भी चिंता जताई क्योंकि बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को भीषण गर्मी में बिजली कटौती के कारण दिक्कतें हो रही हैं। पेयजल संकट और सिंचाई व्यवस्था में बाधा से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सांसद ने स्थानीय शिकायतों के बावजूद समस्या के समाधान में देरी पर असंतोष व्यक्त किया है और सरकार से चार प्रमुख सुझाव दिए हैं, जिनमें निर्बाध बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनों का तुरंत नवीनीकरण, प्रभावी शिकायत निवारण प्रणाली और बिजली कटौती का स्पष्ट रोस्टर जारी करना शामिल है।