जैव विविधता बचाने का संदेश: 150 बच्चों ने बनाई पेंटिंग्स, हेल्थ और मानसिक स्वास्थ्य पर भी हुई चर्चा
पंचकूला| अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस (IDB-2026) के अवसर पर हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड की ओर से जैनेंद्र पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरण संतुलन, स्वास्थ्य और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में वन राजिक अधिकारी राहुल कुमार मौजूद रहे। कार्यक्रम में “हम है ना” NGO की टीम ने भी भाग लिया। NGO से जुड़े मनोज बामनिया की टीम की ओर से श्री माधवी ने विद्यार्थियों को हेल्थ और संतुलित डाइट के महत्व के बारे में जानकारी दी। वहीं श्रीमती अनु ने मानसिक स्वास्थ्य और संतुलित जीवनशैली को लेकर विद्यार्थियों से संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान पेंटिंग और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें करीब 150 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जिला समन्वयक अरुण कुमार ने विद्यार्थियों को जैव विविधता के महत्व के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी वैश्विक स्तर पर बड़ा प्रभाव डालते हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस का उद्देश्य लोगों को प्रकृति और विभिन्न प्रजातियों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
प्रधानाचार्य श्रीमती लीना सूद ने विद्यार्थियों को जैव विविधता संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि प्रकृति संरक्षण के लिए बच्चों की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने वन विभाग और हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड का कार्यक्रम आयोजन के लिए आभार जताया।
हर साल 22 मई को मनाया जाता है जैव विविधता दिवस
संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिवर्ष 22 मई को अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2026 की थीम “Acting Locally for Global Impact” रखी गई है, जिसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर संरक्षण गतिविधियों को बढ़ावा देना है। हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड राज्यभर में जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का कार्य कर रहा है।