अमरोहा में सुभासपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव का पुतला फूंका
अमरोहा: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के अपमान के विरोध में गांधी मूर्ति चौराहे पर बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का पुतला दहन किया और जोरदार नारेबाजी की। सुभासपा प्रदेश उपाध्यक्ष बलराज प्रजापति ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं द्वारा सुभासपा का झंडा जलाने के प्रयास को राजनीतिक बौखलाहट और हताशा बताया।
बलराज प्रजापति ने आरोप लगाया कि सपा अपना जनाधार खो चुकी है और इसी कारण से इस तरह के कृत्यों में लगी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सुभासपा नेतृत्व के खिलाफ अभद्र भाषा या अपमानजनक व्यवहार हुआ तो कार्यकर्ता सड़क से सदन तक जवाब देंगे। इस अवसर पर बलराज सिंह प्रजापति, सत्यपाल तोमर, आदेश अमरोही, मोहम्मद यूनस सैफी, जसवीर सिंह चौहान, डॉ. जगत सिंह गुर्जर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।