जमशेदपुर में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान हंगामा, चालक ने पुलिस पर मारपीट और गाली-गलौज का लगाया आरोप
Jamshedpur में लगातार चल रहे ट्रैफिक चेकिंग अभियान के बीच मानगो ट्रैफिक थाना क्षेत्र से एक विवादित मामला सामने आया है। नो-इंट्री में घुसे एक ट्रक को ट्रैफिक पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद मौके पर जमकर हंगामा हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक से 2000 रुपये का चालान भी वसूला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस ने ट्रक रोकने के बाद ड्राइवर साइड का गेट खोला और चालक से दूसरी ओर का गेट खोलने को कहा। इसी दौरान कथित तौर पर पुलिसकर्मियों और चालक के बीच कहासुनी शुरू हो गई। चालक का आरोप है कि उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और मारपीट भी की गई।
घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और कई लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। चालक का कहना है कि वह पुलिस जांच में सहयोग कर रहा था, इसके बावजूद उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
हालांकि, इस मामले में ट्रैफिक पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, नो-इंट्री उल्लंघन को लेकर नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है और पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है।