पंचायत का बोर 15 दिनों तक बंद, ग्रामीणों ने खुद खर्च किया चालू
न्यूज़ रिपोर्ट:
ग्राम पंचायत कोसगा के भुयांपारा वार्ड क्रमांक 1 में पंचायत द्वारा बनवाया गया बोर लगभग 15 दिनों से खराब पड़ा रहा, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की ओर से समय पर कोई ठोस पहल नहीं की गई। पानी जैसी मूलभूत समस्या से ग्रामीण लगातार परेशान होते रहे, बावजूद इसके सरपंच एवं उपसरपंच की ओर से समस्या समाधान को लेकर गंभीरता दिखाई नहीं दी।
ग्रामीणों द्वारा कई बार उपसरपंच को जानकारी देने के बाद भी बोर की मरम्मत नहीं कराई गई। आखिरकार मजबूर होकर ग्राम के चार ग्रामीण — रामप्यारा, शंकर, गणपत एवं छोटू — ने आपसी सहयोग से लगभग 3 हजार रुपये खर्च कर पाइप एवं अन्य सामग्री की व्यवस्था की और अस्थायी रूप से पानी सुविधा शुरू कराई।
ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी देखी जा रही है कि पंचायत के जिम्मेदार लोग केवल बैठकों और वादों तक सीमित नजर आ रहे हैं, जबकि जमीन पर ग्रामीणों को खुद अपने खर्च से मूलभूत सुविधाएँ सुधारनी पड़ रही हैं।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब पंचायत को विकास कार्यों और जनसुविधाओं के लिए राशि मिलती है, तो फिर पानी जैसी जरूरी समस्या का समाधान समय पर क्यों नहीं किया गया। लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
रिपोर्टर:
धीरज कुमार
AIMA MEDIA — जन जन की आवाज़