पश्चिमी सिंहभूम में 23 मई को प्रकाशित होगी अनमैप्ड मतदाताओं की सूची, उपायुक्त ने की विशेष अपील
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने जिले के सभी मतदाताओं से विशेष अपील करते हुए कहा है कि आगामी 23 मई 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर “अनमैप्ड मतदाताओं” की सूची प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया है कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र के बीएलओ से संपर्क कर समय पर अपना मैपिंग सुनिश्चित कर लें।
उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य किया जा रहा है। इसके अंतर्गत अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत तथा डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान कर सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं का सही मैपिंग होना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में मतदान से संबंधित किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन द्वारा सभी मतदान केंद्रों पर इस कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने लोगों से अपील की है कि वे प्रकाशित सूची का अवलोकन करें और यदि उनका नाम “अनमैप्ड मतदाता” सूची में शामिल हो, तो तुरंत बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराएं।