भीषण गर्मी में यूपी की बिजली व्यवस्था चरमराई, शहरों से गांव तक जनता बेहाल
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में घंटों की बिजली कटौती ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालात यह हैं कि एक ओर बिजली विभाग चेकिंग अभियान चला रहा है, वहीं दूसरी तरफ जर्जर व्यवस्था बार-बार जवाब दे रही है।
लखनऊ के चौक क्षेत्र स्थित इरफानिया मदरसे के पास बिजली के तार में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग के बाद तार टूटकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना अकबरी गेट जैसे व्यस्त इलाके में हुई, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई और जल्द सुधार की मांग की।
सिर्फ लखनऊ ही नहीं, प्रदेश के कई शहरों और कस्बों में ट्रांसफार्मर फुंकने, लो-वोल्टेज, ओवरलोडिंग और बार-बार सप्लाई बाधित होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। गर्मी के कारण लोगों के इनवर्टर जवाब दे रहे हैं, पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है और रातों की नींद उड़ चुकी है।
जनता का कहना है कि लगातार बढ़ती बिजली मांग के बावजूद जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं मजबूत नहीं हो पा रही हैं। वहीं ऊर्जा विभाग पर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर भीषण गर्मी के मौसम में पहले से पर्याप्त तैयारी क्यों नहीं की गई।