logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पश्चिमी राजस्थान की रेल कनेक्टिविटी पर फिर उठा बड़ा सवाल काचीगुड़ाभगत की कोठी एक्सप्रेस को घोषित रूट पर चलाने की मांग तेज

बेंगलुरू/जालौर(दलपतसिंह भायल)पश्चिमी राजस्थान की रेल सुविधाओं को लेकर एक बार फिर आमजन की आवाज बुलंद होने लगी है। ट्रेन संख्या 17605/17606 काचीगुड़ा–भगत की कोठी एक्सप्रेस को उसके घोषित “वास्तविक रूट” अहमदाबाद–भीलड़ी–जालौर–समदड़ी मार्ग पर संचालित करने की मांग अब तेज होती जा रही है। क्षेत्र के नागरिकों, सामाजिक संगठनों और रेल यात्रियों का कहना है कि इस ट्रेन को जल्द से जल्द घोषित मार्ग पर शुरू किया जाए, ताकि पश्चिमी राजस्थान को दक्षिण भारत से सीधी और सुगम रेल कनेक्टिविटी मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलमंत्री द्वारा काचीगुड़ा रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन का वास्तविक रूट अहमदाबाद–भीलड़ी–जालौर–समदड़ी बताया गया था, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बाद भी ट्रेन को उस मार्ग पर संचालित नहीं किया गया। इससे क्षेत्रवासियों में निराशा और नाराजगी बढ़ती जा रही है।

जनता का सवाल — बाकी ट्रेनें चल सकती हैं तो यह क्यों नहीं?

रेल यात्रियों का कहना है कि शुरुआत में अहमदाबाद स्टेशन पर रिडेवलपमेंट कार्य का हवाला देकर ट्रेन को अस्थायी रूप से दूसरे मार्ग से चलाया गया था। लेकिन उसी दौरान अहमदाबाद होकर कई नई एवं परिवर्तित ट्रेनें संचालित की गईं। ऐसे में केवल पश्चिमी राजस्थान को जोड़ने वाली इस महत्वपूर्ण ट्रेन को घोषित मार्ग से दूर रखना लोगों की समझ से परे है।

दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को हो रही भारी परेशानी

जालौर, समदड़ी, बाड़मेर और जैसलमेर क्षेत्र के हजारों यात्रियों को हैदराबाद, सिकंदराबाद तथा दक्षिण भारत के अन्य शहरों तक पहुंचने के लिए आज भी लंबा चक्कर लगाकर यात्रा करनी पड़ती है। इससे यात्रियों का समय, धन और ऊर्जा तीनों का नुकसान हो रहा है।
सेना के जवानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, मजदूरों और धार्मिक यात्राओं पर जाने वाले लोगों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह ट्रेन पश्चिमी राजस्थान को दक्षिण भारत से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण “जीवनरेखा” साबित हो सकती है।
क्षेत्र के विकास से जुड़ा अहम मुद्दा
रेल विशेषज्ञों और स्थानीय संगठनों का मानना है कि यदि यह ट्रेन अहमदाबाद–भीलड़ी–जालौर–समदड़ी रूट से संचालित होती है, तो पश्चिमी राजस्थान में व्यापार, पर्यटन और रोजगार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। साथ ही क्षेत्र की राष्ट्रीय रेल कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

रेल मंत्रालय से जल्द निर्णय की मांग

क्षेत्रवासियों ने रेल मंत्रालय से मांग की है कि ट्रेन संख्या 17605/17606 काचीगुड़ा–भगत की कोठी एक्सप्रेस को शीघ्र उसके घोषित वास्तविक रूट अहमदाबाद–भीलड़ी–जालौर–समदड़ी मार्ग पर संचालित किया जाए, ताकि लाखों यात्रियों को राहत मिल सके।

लोगों का कहना है,

“यह केवल एक ट्रेन के रूट का मामला नहीं, बल्कि पश्चिमी राजस्थान के लाखों लोगों की सुविधा, सम्मान और विकास से जुड़ा मुद्दा है।”

128
4140 views

Comment