देशभर में शुरू हुआ जनगणना 2027 का पहला बड़ा चरण, आज से घर-घर पहुंचेगी टीमें
देशभर में जनगणना 2027 की तैयारियों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार से मकान गणना अभियान की शुरुआत हो गई है, जिसके तहत प्रगणक घर-घर जाकर मकानों और परिवारों से जुड़ी अहम जानकारियां जुटाएंगे। इस दौरान करीब 34 बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दर्ज की जाएगी।
जनगणना विभाग के मुताबिक, पहले से चल रही स्वगणना प्रक्रिया में लाखों लोग पोर्टल के जरिए अपनी जानकारी दर्ज करा चुके हैं। अब प्रगणक इन जानकारियों का सत्यापन करेंगे और उन्हें अंतिम रूप से ऑनलाइन अपडेट किया जाएगा।
अभियान को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में प्रगणक और पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। शहरों और ग्रामीण इलाकों को अलग-अलग गणना ब्लॉकों में बांटकर सर्वे कार्य कराया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आने वाले वर्षों की सरकारी योजनाओं, संसाधनों के वितरण और विकास कार्यों की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि जनगणना टीम को सही और स्पष्ट जानकारी दें, ताकि आंकड़े पूरी तरह पारदर्शी और विश्वसनीय बन सकें।