नवादा के हिसुआ में विवाहिता सुनीता कुमारी की संदिग्ध मौत
नवादा: हिसुआ थाना क्षेत्र के मनमां बेलदारी गांव में सुनीता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुनीता, जो उमेश चौहान की बहू और सुभाष चौहान की पत्नी थीं, का शव घर के बाहर पाया गया। हिसुआ थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए गए।
मृतका के भाई सोनी चौहान ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि ससुराल वालों ने मौत को सीढ़ी से गिरने से बताया, जबकि सुनीता के गले पर गहरे निशान मिले हैं, जिससे गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से दहेज में मोटरसाइकिल की मांग को लेकर सुनीता को प्रताड़ित किया जाता था। सुनीता की शादी 08 मई 2025 को हुई थी।
इस मामले में सोनी चौहान ने पति सुभाष चौहान, ससुर उमेश चौहान, भैंसुर रवि चौहान, सास और ननद सरिता चौहान के खिलाफ हिसुआ थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।