चंदौली में सोलर क्रांति की शुरुआत, 11 हजारघरोंकोमिलेगा मुफ्त सोलर संयंत्र।
90 दिवसीय अभियान का शुभारंभ, गांव-गांव पहुंचेगी सौर ऊर्जा की रोशनी
चंदौली। जनपद में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए गुरुवार को 11 हजार घरों में निःशुल्क सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए 90 दिवसीय विशेष अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान हुमन रिन्यूएबल्स प्रा. लि. द्वारा केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से चलाया जा रहा है।
सदर ब्लॉक परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई एवं ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान जागरूकता प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो गांव-गांव जाकर लोगों को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करेंगे।
सीडीओ आर. जगत साई ने कहा, “सौर ऊर्जा आज समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है। इससे बिजली की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।”
कार्यक्रम में आयोजित सोलर जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। शिविर में मौजूद विशेषज्ञों ने लोगों को सौर ऊर्जा के फायदे, संयंत्र लगाने की प्रक्रिया और सरकारी सब्सिडी की जानकारी दी। मौके पर पात्र उपभोक्ताओं का निःशुल्क पंजीकरण भी किया गया।
हुमन रिन्यूएबल्स प्रा. लि. के सीईओ विकास सिंह ने बताया कि 2 किलोवाट क्षमता वाले सोलर संयंत्र पर केंद्र सरकार की ओर से 60 हजार रुपये, राज्य सरकार की ओर से 30 हजार रुपये तथा कंपनी की ओर से 35 हजार रुपये का योगदान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, “इस योजना का उद्देश्य गरीब और पात्र परिवारों तक मुफ्त सौर ऊर्जा पहुंचाना है, ताकि बिजली खर्च से राहत मिल सके।”
अभियान के तहत अगले तीन महीनों में जिले के सभी विकास खंडों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन का दावा है कि इस योजना से हजारों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा संकट को कम करने में मदद मिलेगी।