नागरिक सुरक्षा टाउन हॉल प्रखंड की बैठक आयोजित,
हीट वेव से बचाव के लिए किया गया जागरूक
गाजियाबाद। राजनगर स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय में नागरिक सुरक्षा (Civil Defence) द्वारा टाउन हॉल प्रखंड की बैठक आयोजित की गई, जिसमें हीट वेव (लू) से बचाव एवं नागरिक सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर विशेष चर्चा की गई।
बैठक का आयोजन सहायक उप नियंत्रक नेम सिंह के दिशा निर्देशन एवं डिवीजनल वार्डन दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य पोस्ट स्तर पर वार्डन एवं फायर फाइटर की भर्ती प्रक्रिया को पूर्ण करवाना तथा नियमित ट्रेनिंग एवं मॉक ड्रिल आयोजित करना रहा।
बैठक के प्रारंभ में होस्ट एवं घटना नियंत्रण अधिकारी तुषार शर्मा का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। अध्यक्षता करते हुए सहायक उप नियंत्रक ने सभी पोस्ट वार्डनों को निर्देशित किया कि प्रत्येक माह अपने-अपने पोस्ट पर नियमित मासिक बैठकें आयोजित करें।
बैठक में नागरिक सुरक्षा महानिदेशालय एवं जिला प्रशासन द्वारा उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में घोषित गंभीर हीट वेव के ‘रेड’ एवं ‘ऑरेंज’ अलर्ट की जानकारी दी गई। सभी वार्डनों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नागरिकों को हीट वेव से बचाव के प्रति जागरूक करें।
अधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में तापमान 47 से 55 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। ऐसे में नागरिकों को दोपहर के समय घर के अंदर रहने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा नींबू पानी, ORS और छाछ का सेवन करते रहने की सलाह दी गई। साथ ही बच्चों और पालतू जानवरों को बंद धूप वाली गाड़ियों में अकेला न छोड़ने तथा बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रोगियों की विशेष देखभाल करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पूर्व में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वार्डनों को प्रशस्ति पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। घटना नियंत्रण अधिकारी संजय शर्मा ने जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी वार्डनों की ड्यूटी लगाए जाने का सुझाव दिया।
बैठक का संचालन डिवीजनल वार्डन दीपक अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर स्टॉफ ऑफिसर टू चीफ वार्डन राजेंद्र शर्मा, डिवीजनल वार्डन दीपक अग्रवाल, डिप्टी डिवीजनल वार्डन संजय गोयल, स्टाफ ऑफिसर मनोज शर्मा, सुनील गर्ग, घटना नियंत्रण अधिकारी संजय शर्मा, तुषार शर्मा, डॉ. मृगांक, पोस्ट वार्डन रिजर्व अरुण कुमार श्रीवास्तव, पोस्ट वार्डन अरविंद दीक्षित, अक्षय जैन, रिशांक, विजय चौहान सहित टाउन हॉल प्रखंड के सभी पोस्ट वार्डन उपस्थित रहे।