logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

आतंक विरोधी अभियानों में कमांडर एक ही होना चाहिए, सर्जिकल स्ट्राइक से अधिक क्विक स्ट्राइक की जरूरत : राजन छिब्बर

गाजियाबाद, 21 मई 2026। वैशाली स्थित 10 डी, कारगिल चौक पर राष्ट्रीय सैनिक संस्था की गाजियाबाद इकाई द्वारा आतंकवाद विरोधी दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष गौरव सेनानी ज्ञान सिंह ने किया। इस अवसर पर संस्था की ओर से 10 गौरव सेनानियों की एक विशेष टीम का गठन भी किया गया, जो स्कूलों में जाकर बच्चों को प्रारंभिक सैनिक प्रशिक्षण प्रदान करेगी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सैनिक संस्था के आर्थिक काउंसिल के चेयरमैन श्री राजन छिब्बर ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में सर्जिकल स्ट्राइक से अधिक “क्विक स्ट्राइक” की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि “जब घर में आग लगती है तो व्यक्ति तुरंत कार्रवाई करता है, संविधान की धाराओं का विश्लेषण नहीं करता। यदि आतंकवाद के खिलाफ तुरंत जवाबी कार्रवाई की जाए तो दुश्मन अगला कदम उठाने से पहले सौ बार सोचेगा।”

राष्ट्रीय सैनिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वीर चक्र सम्मानित कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने कहा कि वर्तमान में आतंक विरोधी अभियानों में सेना, पैरामिलिट्री फोर्स और पुलिस एक साथ कार्य करती हैं, लेकिन अलग-अलग मंत्रालयों के अधीन होने के कारण समन्वय में समय लगता है। उन्होंने कहा कि “आर्मी के सिद्धांत के अनुसार किसी भी ऑपरेशन में कमांडर एक ही होना चाहिए। आतंकवाद विरोधी अभियानों में संयुक्त संचालन के बजाय ‘सिंगल कमांड ऑपरेशन’ की व्यवस्था अधिक प्रभावी साबित होगी।”

कार्यक्रम में कर्नल मुकेश त्यागी, गौरव सेनानी चंदन सिंह, गौरव सेनानी गणेश दत्त, गौरव सेनानी डी.के. दास, देशभक्त अनुरुद्ध त्यागी, श्रीमती उषा राणा एवं श्रीमती अंजू शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आतंकवाद विरोधी दिवस पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी पर हुए आतंकी हमले की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि देश को आतंकवाद से सुरक्षित रखने के लिए पुरानी नीतियों में तर्कसंगत बदलाव की आवश्यकता है।

इस अवसर पर लेफ्टिनेंट वी.पी. शर्मा, एडवोकेट अंशु त्यागी, रजनीकांत, मोनिका गोयल, गौरव सेनानी ओमपाल सिंह, पुष्कर बिष्ट, स्वाति बंसल, देवेन्द्र चौबे, कैप्टन गोपाल, डी.के. त्यागी, आर.जे. सिंह, एस. भार्गव, यू.आर. दुबे, सुभी चौबे, रेखा सिंह, बबली दास, प्रियांशु, अजय, आशीष, प्रणव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि देश की सुरक्षा और आतंकवाद के मुद्दे पर किसी प्रकार की सहनशीलता नहीं बरती जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई का समर्थन किया जाएगा।

37
561 views

Comment