औरंगाबाद: उमंगेश्वरी तालाब व सीता थापा मंदिर का स्थलीय निरीक्षण
औरंगाबाद: जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने मदनपुर प्रखंड के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के उमंगेश्वरी तालाब और सीता थापा मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य संरक्षण, सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के लिए आवश्यक कार्यों का आकलन करना था ताकि स्थानीय श्रद्धालुओं और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
जिला पदाधिकारी ने तालाब की वर्तमान स्थिति, जल संरक्षण, साफ-सफाई, पहुंच पथ, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यावरणीय सुधारों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने मंदिर परिसर के संरचनात्मक संरक्षण, परिसर विकास, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी सूक्ष्म निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को विस्तृत कार्ययोजना बनाकर शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।