दरभंगा पुलिस को बड़ी कामयाबी: चाय दुकानदार की हत्या के आरोपी को पुलिस ने दबोचा, भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद।
दरभंगा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के रामबाग इलाके में चाय दुकानदार श्रवण राम की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि 13 मई की सुबह दो अज्ञात अपराधियों ने चेन स्नैचिंग की कोशिश की थी। जब दुकानदार श्रवण राम ने इसका विरोध किया, तो बेरहम अपराधियों ने उन पर गोलियां चला दीं, जिसमें इलाज के दौरान उनकी दुखद मौत हो गई। इस मामले को लेकर दरभंगा पुलिस ने पूरी गंभीरता दिखाई और नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। गहन जांच, CCTV फुटेज और तकनीकी इनपुट की मदद से पुलिस की टीम मुजफ्फरपुर के रहने वाले आरोपी हीरा लाल उर्फ रोहित उर्फ पन्नू सिंह तक पहुंची। गिरफ्तारी के बाद उसके ठिकाने से पुलिस ने जो बरामद किया, वो चौंकाने वाला है।पुलिस ने अपराधी के कमरे से 3 अवैध पिस्टल, 79 जिंदा कारतूस, घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल और कई फर्जी नंबर प्लेट बरामद किए हैं। आरोपी ने पूछताछ में दरभंगा, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर में कई चेन स्नैचिंग और लूट की घटनाओं में शामिल होने की बात भी कबूली है। फिलहाल, पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है। दरभंगा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। अपराधी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं और लगातार जारी कार्रवाई से यह साफ है कि दरभंगा में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।