नैनीताल घूमने आए परिवार की मौत, खाई में गिरी कार
उत्तराखंड के नैनीताल में दर्दनाक हादसा...
भवाली सेनिटोरियम-रातीघाट बाईपास मार्ग पर पर्यटकों से भरी एक इलेक्ट्रिक कार गहरी खाई में गिर गई, जिसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि यूपी नंबर की बी-नाइन इलेक्ट्रिक कार भवाली के ढैला गांव के पास अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट नीचे जा गिरी। हादसा जंगल और दुर्गम क्षेत्र में होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF, SSB और स्थानीय ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को बाहर निकाला।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सभी लोग पिछले दो दिनों से नैनीताल में ठहरे हुए थे और किसी रिसॉर्ट की ओर जा रहे थे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।