निवाड़ी: मेडिकल स्टोर हड़ताल के कारण बंद
निवाड़ी : ऑनलाइन फार्मेसी और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स द्वारा भारी छूट एवं दवा व्यापार पर पड़ रहे प्रभाव के विरोध में ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) ने देशभर में राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इसके चलते निवाड़ी ज़िले सहित ओरछा, पृथ्वीपुर और टेहरका क्षेत्र के अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद रहे। समर्थन स्वरूप कई आयुर्वेदिक मेडिकल स्टोर भी बंद हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता को राहत देने के लिए प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र निवाड़ी और पृथ्वीपुर को खुला रखने का निर्णय लिया है तथा जिले के सभी सरकारी ड्रग स्टोर खुले रहेंगे। ड्रग इंस्पेक्टर सपना सिंह ने बताया कि इमरजेंसी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु पांच आपातकालीन नंबर जारी किए गए हैं, जिन पर संपर्क कर आवश्यक दवाएं प्राप्त की जा सकती हैं। विभाग ने नागरिकों से अफवाहों से बचने और जरूरत पड़ने पर इन नंबरों पर संपर्क करने की अपील की है।