गोविंदपुरीकालकाजी में चूहों और कॉकरोच का आतंक, MCD की निष्क्रियता से लोग परेशान
दक्षिणी दिल्ली: गोविंदपुरी-कालकाजी इलाके में चूहों और कॉकरोच के बढ़ते प्रकोप ने स्थानीय निवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गोविंदपुरी गली नंबर 13 के निवासी राजू प्रजापति ने बताया कि उनके घर में कीटों ने व्यापक नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि चूहे और कॉकरोच रसोई और कमरों में फैल चुके हैं जिससे सफाई और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।
राजू प्रजापति के अनुसार, स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि घरेलू उपाय और सामान्य सफाई से भी राहत नहीं मिल रही। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद MCD की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वे नियमित सफाई, कचरा प्रबंधन और पेस्ट कंट्रोल अभियान की कमी को समस्या का मुख्य कारण मान रहे हैं और संबंधित विभाग से जल्द सुधार की मांग कर रहे हैं।