हरियाणा में 25 मई से स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां, लू के ऑरेंज अलर्ट के चलते सरकार का बड़ा फैसला
चंडीगढ़। हरियाणा में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां 25 मई से घोषित कर दी हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के बीच बुधवार को हुई बैठक में यह अहम फैसला लिया गया। पहले स्कूलों में 1 जून से समर वेकेशन शुरू होनी थी, लेकिन भीषण गर्मी और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए छुट्टियां 6 दिन पहले कर दी गई हैं।
सरकार का कहना है कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे स्कूली बच्चों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
मौसम विभाग ने हरियाणा में पहली बार भीषण लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के कम से कम 7 शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। बुधवार को रोहतक सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सिरसा समेत कई जिलों में भी हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
इधर, 25 मई से नौतपा भी शुरू होने जा रहा है, जो 2 जून तक चलेगा। इस दौरान प्रदेश में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार नौतपा के दौरान लू और गर्म हवाओं का असर और ज्यादा बढ़ सकता है।
#Haryana #SummerVacation #Heatwave #OrangeAlert #NayabSinghSaini #MahipalDhanda #HaryanaNews #SchoolHoliday #HeatWaveAlert #samacharsansarnews24