logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बेंगलुरु में 17.5 किलो एमडीएमए के साथ 8 आरोपी गिरफ्तार, अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़

बेंगलुरु (दलपतसिंह भायल)शहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित मादक पदार्थ एमडीएमए की तस्करी और बिक्री में शामिल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन विदेशी नागरिक, अन्य राज्यों के तीन व्यक्ति तथा कर्नाटक के दो लोग शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 17 किलो 500 ग्राम एमडीएमए, दो कारें और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 17.50 करोड़ रुपये बताई गई है, जबकि इसका बाजार मूल्य करीब 35 करोड़ रुपये आंका गया है।
पुलिस आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 11 मई 2026 को हेब्बल पुलिस स्टेशन के अधिकारियों को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आनंदनगर स्थित उन्नति लेआउट की मुख्य सड़क पर एक अपार्टमेंट के सामने कार में बैठे कुछ लोग प्रतिबंधित मादक पदार्थ बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने छापेमारी की और एक महिला सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने दिल्ली में एक अज्ञात व्यक्ति से एमडीएमए कम कीमत पर खरीदा था और उसे अधिक दामों में बेच रहे थे। पुलिस ने उनके पास से 4 किलो 180 ग्राम एमडीएमए, एक कार और चार मोबाइल फोन जब्त किए।
12 मई को आरोपियों को अदालत में पेश कर 10 दिन की पुलिस हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान चिकनायकानहल्ली स्थित एक आरोपी के घर में ड्रग्स छिपाए जाने की जानकारी मिली, जिसके बाद 14 मई को वहां से 10 किलो 120 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया।
आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने हरियाणा और दिल्ली में छापेमारी कर चार अन्य आरोपियों को पकड़ा। इनमें एक विदेशी नागरिक, दो विदेशी महिलाएं और दिल्ली का एक व्यक्ति शामिल है। इन आरोपियों ने पूछताछ में एमडीएमए सप्लाई करने की बात स्वीकार की।
17 मई को चारों आरोपियों को ट्रांजिट वारंट पर बेंगलुरु लाया गया और अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत में लिया गया। आगे की जांच में एक और आरोपी की संलिप्तता सामने आई, जिसे 18 मई को हेन्नूर स्थित एक अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के घर से 3 किलो 200 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। जांच लगातार जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त उत्तर डिवीजन श्री बी.एस. नेमागौड़ा, आईपीएस के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्त श्री के.एस. तनवीर के नेतृत्व में की गई। हेब्बल पुलिस स्टेशन के निरीक्षक श्री भैरा और उनकी टीम ने इस पूरे ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

7
266 views

Comment