नालंदा स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में अलंकरण समारोह संपन्न, मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान
शाहजहांपुर। नालंदा स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, छावनी परिषद शाहजहांपुर में मंगलवार को नवनिर्वाचित छात्र परिषद के सदस्यों के लिए अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान हाल ही में घोषित कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। खास बात यह रही कि बोर्ड परीक्षा में शीर्ष पांच स्थान प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थी छात्राएं रहीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 4/4 गोरखा राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अमित वारंग रहे। विद्यालय की नव-नियुक्त प्रधानाचार्या काजल कौशिक के नेतृत्व में समारोह का आयोजन विधिवत और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि के स्वागत और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। प्रधानाचार्या ने नवनिर्वाचित छात्र परिषद के सदस्यों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं हेड बॉय और हेड गर्ल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यालय के विकास और अनुशासन को लेकर संकल्प साझा किए।
मुख्य अतिथि कर्नल अमित वारंग ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षा में निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता का मूल मंत्र निरंतर प्रयास और समर्पण है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या काजल कौशिक ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह आयोजन छात्रों को नेतृत्व, अनुशासन और प्रतिभा प्रदर्शन का मंच देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया, जो पूरी तरह सफल और प्रेरणादायक रहा।