औरंगाबाद में किसान कुंदन यादव की गोली मारकर हत्या
औरंगाबाद: दाउदनगर थाना क्षेत्र के भुइयां बिगहा के पास मंगलवार रात बाइक सवार दो अपराधियों ने कुंदन यादव (50) नामक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। कुंदन यादव किसी काम से जा रहे थे जब अपराधियों ने घात लगाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हमला किया। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें निजी दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी संतोष कुमार ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई कुंदन यादव के साथ केसरारी गांव जा रहे थे, तभी बाइक सवार युवक आए और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। दोनों अपराधी गोली मारने के बाद जिनोरिया की ओर फरार हो गए। पुलिस अधिकारी एसडीपीओ अशोक कुमार दास, सर्किल इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष विकास कुमार और अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने मामले की जांच शुरू कर दी है।