मदनपुर में मेडिकल दुकानें ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बंद
मदनपुर: ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर मदनपुर क्षेत्र की लगभग एक सौ से अधिक मेडिकल दुकानें बुधवार को बंद रहीं। इस कारण मरीजों और उनके परिजनों को दवाइयां उपलब्ध न होने की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टर पर्ची पर दवाइयां लिख रहे हैं, लेकिन मेडिकल स्टोर बंद होने के कारण मरीज अपनी आवश्यक दवाएं नहीं खरीद पा रहे हैं।
केंद्र सरकार के जन औषधि केंद्र खुले हुए हैं और वहां सरकारी स्तर पर जीवन रक्षक दवाएं उपलब्ध हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी मरीजों को दवाइयां प्रदान की जा रही हैं। निजी अस्पतालों में इलाज जारी है, लेकिन बाहर से दवा खरीदने में दिक्कत बनी हुई है। मेडिकल दुकानदार ज्ञानदत्त पाण्डेय ने बताया कि बड़ी कंपनियां ऑनलाइन दवाइयां बेच रही हैं, जिससे स्थानीय मेडिकल दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सरकार ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक नहीं लगाएगी, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।