बांग्लादेश में डोनाल्ड ट्रंप नामक विशालकाय एल्बिनो भैंसा वायरल
नारायणगंज, बांग्लादेश: डोनाल्ड ट्रंप नामक एक विशालकाय एल्बिनो भैंसा सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह भैंसा अपने अनोखे लुक और सुनहरे बालों जैसी बनावट के कारण चर्चा में है। करीब 700 किलो वजनी इस भैंसे को स्थानीय लोगों ने अमेरिकी नेता डोनाल्ड ट्रंप से मिलती-जुलती बनावट के कारण यह नाम दिया है।
ईद-उल-अजहा से पहले यह भैंसा स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है, जहां बड़ी संख्या में लोग फार्म पर आकर इसके साथ सेल्फी और वीडियो बना रहे हैं। फार्म मालिक ने बताया कि भैंसे को मक्का, सोयाबीन और पौष्टिक चारा खिलाकर विशेष देखभाल दी गई है, जिससे इसका शरीर विशाल और आकर्षक बना है।
इसके साथ ही एक अन्य भैंसा भी चर्चा में है, जिसे “नेतन्याहू” नाम दिया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार उसका स्वभाव आक्रामक है, इसलिए उसकी तुलना इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से की जा रही है। सोशल मीडिया पर इन भैंसों को लेकर कई मजेदार मीम्स और टिप्पणियां भी सामने आई हैं।